सेवादार शमशेर सिंह का फाइल फोटो।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। अज्ञात कारणों के चलते मुख्य बाजार स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के एक सेवादार ने गुरुद्वारे के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दो साल से गुरुद्वारे में सेवादार था। फिलहाल पुलिस सेवादार की मौत का कारण उसकी व्यक्तिगत समस्या मान रही है।
मूल रूप से ग्राम बहपुरा शीशगढ़ बरेली (यूपी) निवासी शमशेर सिंह (23) पुत्र स्व. गुरमीत सिंह दो साल पहले से रुद्रपुर गोल मार्केट स्थित गुरुद्वारे में बतौर सेवादार भजन गाता आ रहा था। गुरुद्वारे में ही शमशेर सिंह को अन्य सेवादारों की तरह रहने के लिए कमरा दिया गया था। मंगलवार देर रात करीब एक बजे सिब्बल सिनेमा रोड स्थित एक फर्निचर के शोरूम में आग लग गई थी। सूचना पर शमशेर के साथी सेवादार घटनास्थल पर पहुंच गए जबकि शमशेर गुरुद्वारे में ही रहा। करीब आधे घंटे बाद जब अन्य सेवादार लौटे तो वे लोग आपस में बातचीत करने लगे। उन्होंने शमशेर को भी आवाज देकर कमरे से बाहर आने के लिए कहा लेकिन शमशेर ने न ही कमरे के अंदर से कोई आवाज दी और न दरवाजा ही खोला। कई बार आवाज देने के बाद भी शमशेर के बाहर न आने पर एक सेवादार ने कमरे के पीछे बनी गैलरी में जाकर शमशेर के कमरे में झांका तो शमशेर अपनी पगड़ी के कपड़े के सहारे कमरे की छत पर लगे पंखे पर लटका था। आननफानन में अन्य सेवादारों ने मिलकर उसे फंदे से नीचे उतारा और जिला अस्पताल ले गए। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। सेवादारों ने डायल 112 पर पुलिस को मामले की सूचना दी।
सूचना पर एसपी सिटी देवेंद्र पिंचा और कोतवाल केसी भट्ट ने भी गुरुद्वारे पहुंचकर मौका मुआयना करने के बाद मृतक के कमरे को ताला लगाकर अपने कब्जे में ले लिया। एसपी सिटी का कहना है कि रात करीब 1:30 बजे शमशेर ने फांसी लगाकर आत्महत्या की और करीब साढ़े तीन बजे पुलिस को इसकी सूचना मिली। जांच में पता चला है कि कुछ समय पूर्व ही शमशेर की मंगनी हुई थी और विवाह की तैयारी चल रही थी। माना जा रहा है कि किसी व्यक्तिगत परेशानी के चलते शमशेर ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।