संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बृहस्पतिवार को जिला सभागार में वरिष्ठजनों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठजनों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, ज्ञान और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को सीख लेने की जरूरत है। इस दौरान पीढ़ियों का कारवां अभियान के तहत आयोजित पोस्टर, सेल्फी, निबंध और कविता पाठ प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा ने बताया कि पोस्टर प्रतियोगिता में एसपीवीएम विद्यालय ऊखीमठ की दिव्या चौहान ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र रावत, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के सदस्य दरम्यान सिंह जखवाल आदि मौजूद रहे।