अगस्त्यमुनि। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान में आयोजित परीक्षण के दौरान डीएम विशाल मिश्रा ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उदीयमान खिलाड़ी योजना में जनपद स्तरीय परीक्षण के लिए 210 बालिकाओं का चयन हुआ है।
जिलाधिकारी ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराएगा। उन्होंने चयन से वंचित खिलाड़ियों को निराश न होकर निरंतर अभ्यास करने और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटने की सलाह दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खेल अधोसंरचना विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने तथा ट्रायल प्रक्रिया पारदर्शिता से कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के बाद डीएम ने खेल विभाग के अधिकारियों के साथ अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान, जिला क्रीड़ा समन्वयक शिव सिंह नेगी, खेल प्रशिक्षक मनवर सिंह नेगी, दीपक रावत आदि उपस्थित रहे।