नाग-ककोड़ाखाल गांव की तृप्ति डिमरी ने बढ़ाया गांव, जिले व उत्तराखंड का मान।
- फोटो : RUDRAPRYAG
ग्राम पंचायत नाग-ककोड़ाखाल निवासी व बॉलीवुड अभिनेत्री तृप्ति डिमरी जल्द ही अभिनेता रणवीर कपूर के साथ फिल्म ‘एनीमल’ में नजर आएंगी। अभिनय के क्षेत्र में नाम काम रही बेटी को देखकर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
दिल्ली यूनिवर्सिटी से इंग्लिश ऑनर्स से पढ़ाई करने वाली तृप्ति अभिनय की ट्रेनिंग के बैगर फिल्म इंडस्ट्री में अपना लोहा मनवा रहीं हैं। करीब पांच वर्ष पूर्व 20 वर्ष की उम्र में उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। दिल्ली में रहते हुए अपने पिता दिनेश डिमरी के रामलीला में अभिनय करने से प्रेरित होकर तृप्ति ने भी इस क्षेत्र में करियर बनाने की सोची। तृप्ति ने वर्ष 2017 में श्रेयस तलपड़े के निर्देशन में बनी फिल्म पोस्टर ब्यॉज से डेब्यू किया था। इसके बाद 2018 में फिल्म लैला-मजनू और वर्ष 2020 में बुलबुल फिल्म में अभिनय कर चुकी हैं। अब तृप्ति रणवीर कपूर के साथ हिंदी फिल्म ‘एनीमल’ में अभिनय करते नजर आएंगी। जिसकी शूटिंग अप्रैल से शुरू होगी। तृप्ति के दादा देवराम डिमरी ने बताया कि नातिन को नई फिल्म मिलने से परिवार के सभी लोग खुश हैं। बताया कि तृप्ति इस वर्ष तीन और प्रोजेक्ट पर भी कार्य कर रही हैं। पिता दिनेश प्रसाद डिमरी व माता मीनाक्षी डिमरी को अपनी बेटी पर गर्व है। इधर विधायक भरत सिंह चौधरी, विधायक मनोज रावत, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने तृप्ति को बधाई दी है। कहा कि बेटी ने अभिनय से गांव, क्षेत्र और उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।