नगर क्षेत्र में एक दंपति के आग से झुलसने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है। महिला की हालत चिंताजनक है।
मंगलवार को प्रात: 10 बजे पुरानी तहसील के निकट रहने वाले पेंटर अनवर (39) पुत्र अयूब, आजमगढ़ एरोली गांव (यूपी) की अपनी पत्नी सलमा (39) के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई। दोनों में झगड़ा इस कदर बढ़ गई कि महिला ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। इस दौरान पति ने आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की तेज लपटों में वह भी बुरी तरह झुलस गया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी डीएस पंवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने 108 से तत्काल दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में बर्न वार्ड नहीं होने से दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल रेफर किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. एसपीएस नेगी ने बताया कि महिला 55 फीसदी और उसका पति 25 फीसदी झुलसे हैं। इधर, कोतवाली प्रभारी पंवार ने बताया कि अनवर ने मामूली विवाद के दौरान उसकी पत्नी द्वारा स्वयं पर आग लगाने की बात कही है। हालांकि महिला के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है।