रुद्रप्रयाग/अगस्त्यमुनि। नगर पालिका व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर में मुख्य बाजार, पालिका पार्किंग, पुराने बस अड्डे, एसपी कार्यालय, हास्पिटल आदि जगहों पर कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव किया, जबकि नगर पंचायत ने विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सेनिटाइज किया। पर्यावरण मित्रों को सेनिटाइजर बांटे गए। दूसरी ओर अगस्त्यमुनि में बैंक, पोस्ट आफिस, गैस एजेंसी, उपकोषागार, सरकारी विभागों में सेनिटाइज किया गया।
चेकिंग में कई पर्यटकों के वाहन लौटाए
रुद्रप्रयाग। गुलाबराय बाइपास पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाहरी क्षेत्रों से आए पर्यटकों के वाहन लौटा दिए। कोतवाली निरीक्षक केएस बिष्ट ने बताया कि बाहरी प्रदेशों से पर्यटकों के वाहनों को जिले में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। इसके लिए नियमित जांच की जा रही है।
पुलिस फोर्स की निगरानी में आइसोलेशन वार्ड
रुद्रप्रयाग। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वायरस के संदिग्ध व पीड़ित व्यक्तियों के लिए बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में शुक्रवार से सामान्य लोगों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी। यहां पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि जिला अस्पताल में 10 और कोटेश्वर में माधवाश्रम अस्पताल में 30 बैड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है, जबकि एक अन्य वार्ड भी बनाया गया है।