अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ आयोजन
युवाओं ने दौड़ के जरिये दिया फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
अगस्त्यमुनि। सेवा सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स स्टेडियम में मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इस दौरान दौड़ के जरिये फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश दिया गया। बालक वर्ग में सचिन और बालिका वर्ग में दिव्या ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह रावत ने बताया कि बालक ओपन वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ स्पोर्ट्स स्टेडियम से सिल्ली बाजार तक व बालिका वर्ग की 1.5 किलोमीटर दौड़ स्पोर्ट्स स्टेडियम से सौरगढ़ पुल तक आयोजित की गई। दोनों वर्गों की दौड़ का समापन स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। बालक वर्ग में सचिन प्रथम रहे जबकि दिव्यांशू द्वितीय और अभिजीत तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में दिव्या प्रथम, शिवानी द्वितीय और माधुरी तृतीय रहीं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, सहायक प्रशिक्षक एथलेटिक्स मनोज चौहान, मनवर सिंह, दीपक रावत, अजीत सिंह और रुचि भारती आदि मौजूद रहे।