रुद्रपुर। क्षेत्र में रविवार की रात प्रेमी की दरिंदगी का शिकार हुई महिला की शिनाख्त हो गई। महिला के पति ने उसकी शिनाख्त की है। पुलिस ने पति की तहरीर पर आरोपी प्रेमपाल राठौर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल वह फरार चल रहा है।
तीन थानों की सात टीमें आरोपी की तलाश में लगाई गई हैं। किच्छा, पंतनगर और ट्रांजिट कैंप की सात टीमें लगाई गई हैं। एसओजी की भी मदद ली जा रही है। एसओ ट्रांजिट कैंप विद्यादत्त जोशी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या में रविवार की रात प्रेमपाल राठौर नाम के युवक ने अपनी प्रेमिका की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी थी। वह शव के तीन टुकड़े कर चुका था। इसी दौरान उसे लाश को काटते समय मकान मालिक के बेटे ने देख लिया। उसने आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी। इसके बाद प्रेमपाल मौके से फरार हो गया।
वारदात के बाद एसएसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। देर रात तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। सोमवार को महिला के पति हेतराम राठौर ने शिनाख्त अपनी पत्नी गीता (36) के रूप में की। हेतराम मूल रूप से रसूलपुर खजूरिया, शीशगढ़ बरेली का निवासी है। वह करीब 15 साल से रेशमबाड़ी में ही किराये के मकान में रहता है। हेतराम ई-रिक्शा चलाता है।
हेतराम ने बताया कि करीब नौ माह पहले प्रेमपाल और गीता तीन पानी में एक कबाड़ की दुकान में काम करते थे। इसी दौरान दोनों की पहचान बढ़ी। इसके बाद महिला प्रेमपाल के साथ रहने लगी। कुछ लोगों ने बाद में उसे बच्चों के भविष्य का हवाला देकर समझाया तो वह एक सप्ताह के लिए अपने घर लौट आई। चार महीने पहले महिला दोबारा प्रेमी के संग चली गई तो पति ने अपने ससुर से भी पत्नी को समझाने को कहा। पुलिस के अनुसार हेतराम शराब पीता था इसी कारण उसके ससुर ने भी बेटी को कुछ नहीं कहा।
आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
गीता का हत्यारा प्रेमपाल राठौर पुत्र चेतराम मूलरूप से ग्राम भैसिया, सियाठेरी थाना शीशगढ़ बरेली का रहने वाला है। उसके दो भाई और दो बहने भी हैं। बहनें रुद्रपुर में ही रहती हैं। प्रेमपाल शातिर अपराधी भी है। बताया जा रहा है कि वह पहले भी चोरी समेत कई मामलों में बरेली जिले में जेल की हवा खा चुका है। पुलिस उसका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
शादीशुदा है आरोपी, पत्नी की हो चुकी है मौत
प्रेमपाल शादीशुदा है। उसकी पत्नी की जलने से मौत हो गई थी। इस मामले में उस पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। इसके बाद ही वह महिला के संपर्क में आया था।
फॉरेंसिक विशेषज्ञ ने जुटाए साक्ष्य
ट्रांजिट कैंप में हुई दो हत्याओं के बाद रुद्रपुर स्थित फॉरेंसिक लैब की टीम ने पुलिस के साथ मौका मुआयना किया। टीम ने दोनों घटनास्थलों पर जाकर साक्ष्य जुटाए। राजा कालोनी, ट्रांजिट कैंप के सी ब्लॉक और मिठाई की दुकान से नमूने एकत्र किए।