घटना के बाद क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। जिले में जंगली जानवरों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार को अगस्त्यमुनि ब्लॉक के बनियाड़ी गांव में घास लेने दो महिलाएं गई थीं। तभी भालू ने एक महिला मीना देवी (52) पर हमला कर दिया तो यह देख दूसरी महिला लक्ष्मी देवी (53) बेहोश हो गई। अन्य महिलाओं ने हल्ला मचाया तो भालू भाग गया। वहीं घटना के बाद से क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगा दिए गए हैं।
घटना सुबह करीब 10 बजे की है। दोनों महिलाएं अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक मीना देवी पर हमला कर दिया। हमले में महिला के दाहिने हाथ, पैर और बाएं कान पर चोटें आईं हैं। महिलाओं के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। यह देख लक्ष्मी देवी बेहोश हो गईं। अन्य महिलाओं की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने मीना और लक्ष्मी को अगस्त्यमुनि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉ. शिवम ने बताया कि मीना को अधिक चोटें आई हैं। उनका उपचार चल रहा है। वहीं लक्ष्मी का रक्तचाप बढ़ जाने से वे बेहोश हो गई थीं। अब उनकी स्थिति सामान्य है और उन्हें घर भेज दिया गया है। वहीं घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त की मांग की। वहीं वन क्षेत्राधिकारी अगस्त्यमुनि हरिशंकर रावत ने कहा कि घायल महिला को मुआवजा देने की कार्रवाई दी जा रही है। घटनास्थल का मुआयना किया गयाहै। कैमरा ट्रैप लगा दिए गए हैं। घटना की पुनरावृति न हो इसके लिए सुबह-शाम गश्त के लिए टीम भेज दी है। उन्होंने ग्रामीणों से घने जंगल में न जाने की सलाह दी।