तीन दिवसीय अंडर-16 राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में रुद्रप्रयाग ने चमोली जनपद को 4-1 से पराजित किया। प्रतियोगिता में 11 जनपदों के साथ ही स्पोर्ट्स कालेज देहरादून की टीम प्रतिभाग कर रही है।
खेल विभाग और उत्तराखंड हॉकी एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी डा. राघव लंगर ने किया। उन्होंने कहा कि हॉकी राष्ट्रीय खेल है। इस खेल को बढ़ावा देेने के लिए प्रतिभाओं को अवसर देने की जरूरत है।
इस मौके पर प्रभारी खेल अधिकारी महेशी आर्य ने प्रतियोगिता की जानकारी दी। प्रतियोगिता के पहले मैच में रुद्रप्रयाग ने चमोली को पराजित किया। टीम की तरफ से अभिषेक राणा, अंकित और सुमित ने गोल किए।
दूसरे मैच में बागेश्वर ने हरिद्वार को 2-1 से पराजित कर दूसरे दौर में प्रवेश किया। मैचों के संचालन में चंपावत के भानुप्रकाश अग्रवाल, काशीपुर के महेश्वर नेगी, मोहित रावत व मोहित सिंह और रुद्रप्रयाग के नवीन बिष्ट ने रेफरी की भूमिका निभाई।
इस मौके पर जिला युवका कल्याण अधिकारी केएन गैरोला, हॉकी एसोसिएशन के संयुक्त सचिव किशोर सिंह, खेल प्रशिक्षक मुकेश भट्ट, डा. आशुतोष, कमलकांत, आमल सिंह नेगी, यशपाल सिंह टम्टा आदि थे।
सूचना नहीं दिए जाने पर रोष
जिला खेल विभाग द्वारा अंडर-16 हॉकी प्रतियोगिता को लेकर किसी को कोई सूचना नहीं दी गई। हैरत यह है कि विभाग द्वारा इसके लिए किसी तरह से कोई प्रचार-प्रसार भी नहीं किया गया। इस कारण पहले दिन कई खेल प्रशंसक नहीं पहुंच पाए।