मयाली-घनसाली मोटर मार्ग पर बजीरा के समीप पहाड़ी से गिरे बोल्डर के टायर से टकराने से एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। हादसे में परिचालक की मौत हो गई। चालक सहित दो लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी जखोली में भर्ती किया गया है।
तिलवाड़ा से ईंट लेकर मयकोटी जा रहा डंपर मंगलवार को बजीरा में पहाड़ी से गिरी भारी चट्टान की चपेट में आ गया। संतुलन बिगड़ने से डंपर दो सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में परिचालक भरत सिंह (23) पुत्र एचएस सिंह, निवासी पुलन बांगर ने दरवाजा खोलकर छलांग लगा दी थी, लेकिन वह पहाड़ी से गिरे बोल्डरों में जा गिरा और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई।
चालक शिव सिंह बुटोला और प्रदीप सिंह छिटककर निचली तरफ गिर गए। दोनों को चोटें आई हैं, जिन्हें सीएचसी में भर्ती किया गया है। सूचना पर उप जिलाधिकारी देवमूर्ति यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस चौकी प्रभारी केएस बिष्ट ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ब्यूरो