ऊखीमठ। विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर ब्लॉक सभागार में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान व अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, पुलिस और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक समाज कल्याण अधिकारी एकता ने किया। उन्होंने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम-2007 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बुजुर्गों के अधिकारों पर जानकारी दी। खंड विकास अधिकारी अनुष्का ने कहा कि बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवेदनशील व्यवहार समाज का नैतिक दायित्व है। वहीं एसएसआई प्रदीप चौहान ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता व पुलिस की भूमिका की जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने बुजुर्गों के सम्मान एवं संरक्षण के लिए शपथ भी ली। कार्यक्रम में बुजुर्गों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने और उनके अधिकारों की रक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया गया। संवाद