जिलाधिकारी ने खांकरा-खेड़ाखाल सड़क पर हो रहे घटिया डामर को लेकर कार्यदायी संस्था एडीबी (लोनिवि) के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने डामर के नमूने भी लैब में भेजने के निर्देश दिए। डीएम ने कांडई-कमोल्ड़ी, टैठी-पाटा और दैजीमांडा-छांतीखाल मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खामियों को समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।
सिरोहबगड़ के विकल्प के रूप में खांकरा-खेड़ाखाल मोटर मार्ग पर बीते वर्ष से सुधार कार्य चल रहा है। बावजूद इसके एडीबी मानकों की अनदेखी कर रही है। जनता की शिकायत पर डीएम ने मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिछाए गए डामर को लेकर रोष जताया। अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और पुन: मानकों के तहत डामर के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होने कांडई-कमोल्ड़ी-बरसूड़ी मार्ग का भी निरीक्षण किया। यहां हो रहे सुधार कार्य को और बेहतर करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कांडई-बैरागणा व टैठी-पाटा मार्ग पर हो रहे कार्य का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने सिरोबगड़ के विकल्प के रूप में तैयार किए जा रहे वैकल्पिक मार्ग पर कार्यदायी संस्था लोनिवि को जून तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम सदर सीएस चौहान, अगस्त्यमुनि के ब्लाक प्रमुख जगमोहन सिंह रौथाण सहित सड़क से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी थे।