केदारनाथ मंदिर परिसर में अनशन पर बैठे अस्थायी कर्मचारी
300 कर्मचारियों को स्थायी करने, दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को सहायता देने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
केदारनाथ/रुद्रप्रयाग। केदारनाथ मंदिर में तैनात अस्थायी वेतन कर्मियों ने वर्षों से लंबित मांगों का निस्तारण नहीं होने पर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने उन्हें स्थायी करने, आश्रितों को आर्थिक सहायता देने की मांग की और मंदिर समिति को इस संबंध में पत्र भेजा। केदारनाथ मंदिर परिसर में बैठे कर्मियों ने कहा कि क्रमिक अनशन अभी एक सप्ताह तक चलेगा। उन्होंने मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी।
पत्र में कर्मचारियों ने कहा कि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधीन करीब 300 अस्थायी कर्मचारी दशकों से धामों में सेवाएं दे रहे हैं। मगर उन्हें स्थायी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सेवा के दौरान दिवंगत हुए करीब 12 कर्मचारियों के आश्रितों को आर्थिक सहायता नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। कहा गया है कि कर्मचारी एक सप्ताह तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 से दोपहर एक बजे तक केदारनाथ मंदिर परिसर में क्रमिक अनशन करेंगे। इस दौरान राजेंद्र सिंह, संदीप रावत, देवी प्रसाई, संदीप बजवाल, दलीप, अरविंद, जगमोहन, संजय सिंह, नवीन, आलोक बजवाल, संदीप मोहन, दिलबर, विजयप्रकाश, अनुज रावत, अरुण नौटियाल, विपिन कुमार, मनोज बगवाड़ी, सुदीप, नितिन पोस्ती, देवेंद्र सिंह राणा, आनंद और योगेश मौजूद रहे।