केदारनाथ धाम में शुक्रवार दोपहर बाद से शुरू हुई बर्फबारी
- फोटो : amar ujala
पहाड़ में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने फिर करवट ली। केदारनाथ में दोपहर डेढ़ बजे से मौसम का मिजाज बिगड़ने लगा और हल्की बूंदाबांदी के बाद बर्फबारी शुरू हो गई। देर शाम तक यह सिलसिला जारी रहा।
तृतीय केदार तुंगनाथ सहित चोपता, दुगलबिट्टा, बनियाकुंड में भी बर्फबारी शाम तक जारी रही। रुद्रप्रयाग सहित निचले इलाकों में भी दिनभर मौसम का मिजाज बदलता रहा। धूप-छांव के बीच शाम साढ़े चार बजे कुछ देर तेज बारिश हुई। चमोली जिले में निचले इलाकों में बारिश और बदरीनाथ, हेमकुंड, गोरसों बुग्याल, लालमाटी, रुद्रनाथ सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। देर शाम तक हुई बारिश और बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ गया। ठंड के चलते लोग अपने घरों में दुबके रहे।
उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है। निचले इलाकों में पहले ओलावृष्टि हुई और उसके बाद कुछ देर तक बारिश रही। निचली घाटी वाले क्षेत्र के गांव हर्षिल, मुखबा, धराली तथा जानकीचट्टी, खरसाली तक शुक्रवार को भी हल्की बर्फबारी हुई। नौगांव के स्यूरी पट्टी, भटवाड़ी के उपला टकनौर समेत जिला मुख्यालय में ओलावृष्टि के साथ ही बारिश हुई।