राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के 22 जून को प्रस्तावित केदारनाथ भ्रमण को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। बताया गया है कि केदारनाथ पहुंचने के बाद राष्ट्रपति हेलीपैड से मंदिर तक निम की एटीवी (ऑल टेरिन व्हिकल) से पहुंचेंगे। निम एटीवी को तैयार कर रहा है।
केदारनाथ में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की ओर से तैयारियों पर नजर रखी जा रही है। वीआईपी हेलीपैड से मंदिर तक पैदल मार्ग को बेहतर किया जा रहा है। यहां रास्ते के कुछ हिस्से पर नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की ओर से टाइल्स भी लगाई जा रही है। विभागों को मंदिर परिसर सहित केदारपुरी में बिजली, पानी, संचार, स्वास्थ्य व्यवस्थाएं प्राथमिकता के साथ बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर के चारों ओर बेरिकेडिंग की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि 20 जून तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। 21 जून को केदारनाथ में तैयारियों को लेकर एक ट्रायल किया जाएगा।
कर्णप्रयाग और गौचर में सघन चेकिंग अभियान चलाकर बाहरी लोगों के सत्यापन की कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राठौर ने बताया कि राष्ट्रपति की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों को लेकर गौचर में 500 और कर्णप्रयाग में 150 नेपाली और फड़-फेरी लगाने वाले लोगों का सत्यापन किया गया है। जिन मकान मालिकों के यहां बाहरी व्यक्ति निवास कर रहे हैं, वे थाने में आकर सत्यापन की कार्रवाई करें। पकड़े जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वीआईपी स्नानघाट का हो रहा निर्माण
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में वीआईपी हेलीपैड से मंदिर के बीच रॉकनेट वॉल और आरसीसी वॅाल के बीच में मंदाकिनी, सरस्वती और स्वर्गद्वारी नदी के संगम पर वीआईपी स्नानघाट बनाया जा रहा है। निम की टीम तेजी से निर्माण में जुटी है।
22 को बंद रहेगी हेलीकाप्टर सेवा
रुद्रप्रयाग। रविवार को जिलाधिकारी डा. राघव लंगर, पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा सहित एसपी आईबी और एसपी अधिसूचना केदारनाथ पहुंचे। अधिकारियों ने राष्ट्रपति के भ्रमण को लेकर धाम में तैयारियों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि हेलीपैड और मंदिर के बीच व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है। राष्ट्रपति के भ्रमण को लेकर 22 जून को यात्रा के तहत संचालित हेलीकाप्टर सेवा भी बंद रहेगी। इधर, पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा ने बताया कि केदारपुरी में सुरक्षा के तहत तीन एसपी, दो एएसपी, 10 सीओ सहित 150 से अधिक पुलिस जवान मौजूद रहेंगे। इसके अलावा पीएससी के जवान भी रहेंगे।