रुद्रपुर। कोविड-19 महामारी में लॉकडाउन की स्थिति होने के कारण डाक विभाग ने ग्राहकों से पीपीएफ, आरडी, सुकन्या समृद्धि समेत सभी योजनाओं में 30 जून तक पैनाल्टी नहीं लेने का फैसला लिया है। रुद्रपुर मुख्य डाकघर के निरीक्षक अशोक पाठक ने बताया कि लॉकडाउन के चलते ग्राहकों को डाकघर में सभी जमा योजनाओं की धनराशि जमा करने में कठिनाई हो रही थी। इसको देखते हुए भारतीय डाक विभाग की ओर से जमा योजनाओं में 30 जून तक छूट दे दी गई है। आरडी, पीएलआई, आरपीएलआई सहित सुकन्या समृद्धि समेत सभी योजनाओं में 30 जून तक मार्च, अप्रैल और मई की धनराशि भी जमा की जाएगी। किसी भी खाताधारक ने वित्तीय वर्ष में निर्धारित न्यूनतम राशि जमा नहीं की है तो वे भी बिना पैनाल्टी दिए जमा कर सकते हैं। दरअसल, वित्तीय वर्ष में पीपीएफ में न्यूनतम 500 और सुकन्या में न्यूनतम 250 रुपये जमा करने जरूरी हैं, नहीं तो अगले वित्तीय वर्ष में 50 रुपये पैनाल्टी देनी पड़ती है।बताया कि पीपीएफ, आरडी, सुकन्या की धनराशि को खाताधारक घर बैठकर भी आईपीपी बैंक के एप के माध्यम से भी जमा कर सकते हैं।