रुद्रपुर। शहर की एक बुजुर्ग महिला ने अपनी पेंशन की एक महीने की धनराशि एक हजार रुपए पीएम केयर फंड में शुक्रवार को दी। खेड़ा की रहने वाली सविता बाछाड़ (62) और उनके पति वीरेंद्र बाछाड़ (65) समाज कल्याण विभाग की ओर से मिलने वाली वृद्धावस्था पेंशन से ही घर चलाते हैं। मालूम हो कि समाज कल्याण विभाग की ओर से 1 महीने की पेंशन 1200 रुपये मिलती है। एक-एक महीने की किस्त को तीन महीने में 3600 रुपये करके खाते में डाले जाते हैं। मार्च में दंपति को पेंशन मिली थी। पति वीरेंद्र का स्वास्थ्य थोड़ा खराब रहता है। पति की दवाई और घर का खर्चा चलाने के बाद उनके पास शेष एक हजार की धनराशि बची। कोरोना से लोगों की मदद करने के लिए उन्होंने पीएम केयर फंड में दान देने की सोची। शुक्रवार को डीडी चौक के पंजाब सिंध बैंक में पहुंची सविता ने कहा कि उनके दो लड़के दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं, लेकिन आजतक उन्होंने कोई रुपए नहीं भेजे। वृद्धावस्था पेंशन से ही दंपति अपना गुजर-बसर कर रहे हैं।