रुद्रपुर। बुधवार रात बाइक चेक कर रहे पुलिस कर्मियों से युवकों ने हाथापाई कर दी। इनमें से एक आरोपी पुलिस कर्मी का मोबाइल छीन कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
काशीपुर बाईपास रोड स्थित सिटी क्लब में बुधवार रात की बारात आई हुई थी। इसी बीच आदर्श कालोनी चौकी पुलिस गाबा चौक पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। बिना नंबर की बाइक को देखकर पुलिस कर्मियों ने उसे रोक लिया। कागजात मांगे तो बाइक सवार कागजात नहीं दिखा पाया। इस पर पुलिस कर्मी बाइक जब्त कर चौकी लाने लगे। बताया जा रहा है कि जब बाइक सवार युवक ने सिटी क्लब के बाहर बरात में शामिल अपने साथियों को देखा तो वह पुलिस कर्मियों से उलझ गया। पुलिस कर्मी के साथ अपने साथी की झड़प देख बरात में शामिल युवक वहां पहुंच गए।
इस दौरान पुलिस कर्मियों के साथ उनकी नोकझोंक हुई। यही नहीं कुछ लोगों ने पुलिस कर्मियों से हाथापाई कर दी। मामला बिगड़ता देख पुलिस कर्मियों ने मोबाइल से कोतवाली पुलिस को सूचना देनी चाही। इसी दौरान बरात में शामिल इंदिरा कालोनी निवासी युवक ने पुलिस कर्मी का मोबाइल छीन लिया और फरार हो गया। बाद में पहुंची कोतवाली पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस उन आरोपियों को भी चिह्नित कर रही, जिन्होंने हाथापाई की है।
कार्रवाई से बचने को सीपीयू से मांगी माफी
रुद्रपुर। निजी कार में स्कूली बच्चों को रोकने पर सीपीयू से उलझने वाले युवक ने कार्रवाई से बचने के लिए माफी मांग ली। बुधवार को सिटी पेट्रोल यूनिट अंगददेव कॉम्लेक्स के पास चेकिंग कर रही थी। यहां एक प्राइवेट नंबर के कार में स्कूली बच्चों को ठूंस कर ले जाया जा रहा था, जिसे सीपीयू कर्मियों ने रोक दिया। इस पर एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा और सीपीयू से उलझने लगा। सीपीयू इंस्पेक्टर अनिता गैरोला ने उसे फटकार लगाई तो वह फरार हो गया। इसके बाद सीपीयू ने युवक की शिकायत ट्रांजिट कैंप थाने में की। युवक ने सीपीयू कर्मियों से माफी मांग ली, जिसके बाद विवाद का पटाक्षेप हो गया।