अगस्त्यमुनि। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि में आगामी 20 अगस्त को हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल स्मृति समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर रविवार को कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल स्मृति संस्थान की बैठक संस्थान अध्यक्ष हरीश गुसाई की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि समारोह के तहत कविता पाठ प्रतियोगिता, कविता पोस्टर प्रतियोगिता और साहित्य प्रश्नोत्तरी होगी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल होंगी। समारोह में चंद्रकुंवर बर्त्वाल की रचनाओं का संगीतमय सस्वर पाठ भी होगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर राज्य निर्माण आंदोलनकारी अवतार सिंह राणा के स्मृति में भी कार्यक्रम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल के साहित्य को नई पीढ़ी और आमजन तक पहुंचाना है। इसी दिशा में संस्थान उनकी रचनाओं के दो संयुक्त संकलन भी प्रकाशित कर चुका है। बैठक में संस्थान के उपाध्यक्ष गिरीश बेंजवाल, सचिव सुधीर बर्त्वाल, अनुसूया प्रसाद मलासी, दीपेन्द्र बिष्ट, दीपक बेंजवाल प्रमोद गुसाईं मौजूद रहे। संवाद