वीआईपी गेट बंद करो, वीआईपी सिस्टम बंद करो के लगाए नारे
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के समझाने पर हुए शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
केदारनाथ/रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में वीआईपी गेट से प्रवेश के विरोध में तीर्थपुरोहितों ने नाराजगी जताई और प्रदर्शन किया। करीब 50 तीर्थपुरोहितों ने नारेबाजी की। बाद में बदरी-केदार मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के समझाने पर मामला शांत हो गया।
जानकारी के अनुसार कुछ लोग वीआईपी गेट से अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच तीर्थपुरोहितों में यह सूचना फैल गई कि उन्हें भी अंदर जाने से रोका जा रहा है। इससे नाराज तीर्थपुरोहित मौके पर पहुंच गए और वीआईपी गेट बंद करो, वीआईपी सिस्टम बंद करो के नारे लगाने लगे। इस दौरान बीकेटीसी के खिलाफ भी नाराजगी जताई गई। करीब डेढ़ घंटे तक इस तरह की स्थिति रही। तब बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी यहां पहुंचे और तीर्थपुरोहितों से वार्ता की। उन्होंने कहा किसी तीर्थपुरोहित को प्रवेश से नहीं रोका गया है। केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि गलतफहमी के कारण कुछ समय तक यह स्थिति बनी लेकिन वार्ता के बाद सभी शांत हो गए।