रुद्रपुर। डीएम डॉ. नीरज खैरवाल के आदेश के बाद पुलिस ने बिना मास्क और सामाजिक दूरी का पालन नहीं करने वालों के चालान करने शुरू कर दिया है। शहर के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस इस कार्रवाई को अंजाम दे रही है। अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों का चालान कर जुर्माना वसूला गया है। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए डीएम ने सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क व दुकानों व बाजार में सामाजिक दूरी का पालन नहीं करने पर 500 रुपये जुर्माना वसूलने के आदेश दिए थे। हर बार नियम तोड़ने पर जुर्माना राशि को बढ़ाने के साथ ही परिवाद दर्ज करने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को पुलिस ने सख्ती दिखाकर चालान करना शुरू कर दिया है। ट्रैफिक इंचार्ज मनीष शर्मा ने बताया कि अब तक दो दर्जन वाहनों के चालान हुए हैं। मास्क नहीं पहनने वाले वाहन चालकों से 500 रुपये जुर्माना वसूला जा रहा है।