पंतनगर। पंतनगर विवि का 106वां अखिल भारतीय किसान मेला 27 से 30 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। शनिवार को किसान मेला की सलाहकार समिति की बैठक कुलपति डॉ. तेज प्रताप की अध्यक्षता में प्रशासनिक भवन में हुई। बताया गया कि किसान मेले का आयोजन स्थल पूर्व की तरह गांधी मैदान रहेगा।
बैठक में किसान मेले के लिए विभिन्न समितियां, मेले में दिए जाने वाले वैज्ञानिकों के व्याख्यान, मेले का बजट, इत्यादि पर चर्चा की गई। किसान मेले में उत्तम बीजों के विक्रय को सुनिश्चित करने के लिए पूर्व की तरह बीज विक्रेताओं के बीजों की अंकुरण क्षमता की जांच किए जाने का भी निर्णय लिया गया। कुलपति ने मेले के समापन समारोह में प्रगतिशील किसानों को आमंत्रित करने को कहा गया।
निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. पीएन सिंह ने समिति के सदस्य सचिव के रूप में संचालन किया। बैठक में विवि के अधिष्ठाता, निदेशक, संयुक्त निदेशक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। ब्यूरो