रुद्रपुर। विकास के तीन साल बातें कम काम ज्यादा थीम पर 18 मार्च को विधानसभावार होने वाले कार्यक्रमों को लेकर बृहस्पतिवार को डीएम डॉ. नीरज खैरवाल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी विधानसभावार नामित नोडल अधिकारी अपने क्षेत्र के विधायकों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय कर लें। साथ ही स्टेज, टेंट, साउंड सिस्टम की व्यवस्था करा लें।
डीएम ने कहा कि सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों, पूर्ण हो चुके कार्यों एवं निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी जनता को दी जाए। मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी और जिले में कार्यक्रमों के समन्वयक अभय सिंह रावत ने कहा सभी नोडल अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम की रूपरेखा पहले से तय कर लें।
विधायक राजकुमार ठुकराल, राजेश शुक्ला, डॉ. प्रेम सिंह राणा और हरभजन सिंह चीमा ने भी सुझाव दिए। वहां काशीपुर मेयर उषा चौधरी, सीडीओ मयूर दीक्षित, एमएनए काशीपुर बंशीधर तिवारी, एमएनए रुद्रपुर जयभारत सिंह, एडीएम जगदीश चंद्र कांडपाल, उत्तम सिंह चौहान, ओसी एनएस नबियाल, नरेश चंद्र दुर्गापाल, एसडीएम सुंदर सिंह, गौरव कुमार, मुक्ता मिश्र, निर्मला बिष्ट, विवेक प्रकाश आदि थे।
डीएम सहित कई अधिकारी मास्क लगाए नजर आए
रुद्रपुर। कोरोना वायरस को देखते हुए अधिकारी भी एहतियात बरतने लगे हैं। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम, एडीएम, एमएनए सहित अन्य अधिकारी मास्क लगाए नजर आए।
हालांकि वहां मौजूद विधायक और मेयर बिना मास्क ही बैठक में मौजूद रहे। इधर, कई अधिकारियों ने अपने कर्मचारियों के साथ ही सुरक्षा कर्मी और चालक को भी मास्क उपलब्ध कराते हुए पहने रखने के निर्देश दिए। कई सरकारी वाहन चालक, गनर और अन्य कर्मचारी भी मास्क पहने नजर आए।
किच्छा विधायक ने जताई कड़ी नाराजगी
रुद्रपुर। कलक्ट्रेट में 18 मार्च को होने वाले कार्यक्रमों को लेकर डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने अधिकारियों की लचर कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जो काम तीन साल पहले मंजूर हो चुके हैं, उनमें से कई अधूरे पड़े हैं। बजट होने के बावजूद अधिकारी काम नहीं करा पा रहे हैं।
उनकी विधानसभा में 20 करोड़ से बनने वाली सड़कों के प्रस्ताव चार महीने बाद भी पीडब्लूडी के अधिकारी तैयार नहीं कर सके हैं। अधिकारी न तो सुनने को तैयार हैं और न ही कार्य करा रहे हैं। विधायक ने बताया कि जो सड़क तीन साल पहले मंजूर हो चुकी है, वो भी नहीं बन सकी है। ऐसे में उन्होंने डीएम के समक्ष इसको लेकर नाराजगी दर्ज कराई है।
रुद्रपुर कलक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधि व अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम।- फोटो : RUDRAPUR