केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र लिखकर जिले में सरकारी स्कूलों की स्थिति से अवगत कराया। कहा कि 80 इंटर कॉलेज में 62 में प्रधानाचार्य नहीं हैं। इन हालात में आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी कैसे होगी। उन्होंने सीएम से प्राथमिकता से प्रधानाचार्यों की तैनाती की मांग की।
विधायक रावत ने पत्र में कहा कि जिले में एक विधायक आपकी पार्टी से हैं, लेकिन उनके विस क्षेत्र में भी हाल अच्छे नहीं हैं। बिना प्रधानाचार्य के संचालित इंटर कॉलेज में प्रवक्ता को चार्ज मिलता है, जो अपने साथियों के समकक्ष हैं। ऐसे में अनुशासन खत्म हो जाता है। ऐसे में पठन-पाठन के साथ ही शिक्षणेत्तर गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। विधायक रावत ने पूर्ववर्ती सरकार की तरह नियमों में ढील देकर स्कूलों में प्रधानाचार्य के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए उचित निर्णय लेने की मांग की है।