रुद्रपुर में अफीम के साथ पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस ने एक लाख रुपये की अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया युवक बरेली से अफीम लाकर शहर और ग्रामीण इलाकों में होम डिलीवरी करता था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम शुक्रवार को एसएसआई भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में क्षेत्र में संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच पुलिस चौकी रम्पुरा क्षेत्र के रेशमबाड़ी पहुंची तो एक युवक पुलिस को देख भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 460 ग्राम अफीम और 27 हजार नौ रुपये नकद मिले। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मोहम्मद हुसैन उर्फ छोटे निवासी मछली वाली गली के पास रेशमबाड़ी रंपुरा रुद्रपुर बताया। कहा कि लंबे समय से वह बरेली से अफीम को खरीदने के बाद डिमांड के अनुसार होम डिलीवरी करता था। शुक्रवार को भी वह अफीम बेचने के लिए जा रहा था। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि अफीम बरेली के किस व्यक्ति से लाई जा रही थी, पुलिस इसका भी पता लगाएगी। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। टीम में रंपुरा चौकी इंचार्ज केजी मठपाल समेत कई पुलिस कर्मी मौजूद थे।