रुद्रपुर। रुद्रपुर से बाजपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में सवार एक अन्य युवक और उसकी मंगेतर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
मूल रूप से मुढ़िया पिस्तौर बाजपुर निवासी शानू (27) पुत्र सय्यूम बीते शुक्रवार को अपने दोस्त कलीम (24) पुत्र ईदा और उसकी मंगेतर आयशा (23) पुत्री मोहम्मद रफीक के साथ कार से बनबसा (चंपावत) गया था। शनिवार को तीनों रुद्रपुर होते हुए बाजपुर लौट रहे थे।
शाम करीब चार बजे गदरपुर रोड स्थित प्रेम आश्रम के पास तेज रफ्तार कार पुलिया की दीवार से टकरा गई। हादसे में शानू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कलीम और उसकी मंगेतर आयशा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने 108 सेवा की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक कार चालक शानू ने सीट बेल्ट भी नहीं लगाई थी। इधर गंभीर रूप से घायल कलीम और आयशा को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया।