दिनेशपुर। पुलिस ने पिछले दिनों शहर के कई घरों में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चोरी के सामान के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल एक बदमाश वर्तमान में बाइक चोरी के मामले में जेल में बंद है और दूसरा बदमाश फरार हैं। पुलिस ने पकड़े बदमाश को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा है।
रविवार शाम सीओ बाजपुर दीपशिखा अग्रवाल ने थाने में बताया कि बीते दिनों नगर के वार्ड छह के दो, वार्ड चार के एक व आनंदखेड़ा के विवेकानंद कॉलोनी में घरों से चोरों ने जेवरात, एलईडी, नगदी और घरेलू सामान चोरी किया था। जाफरपुर से नई बुलेट भी चुराई थी। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। बीते चार जनवरी की देर रात पुलिस ने जाफरपुर मार्ग पर बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका तो वे हड़बड़ाकर बाइक समेत गिर गए। एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी सुमित कश्यप निवासी बकैनिया काले खां थाना बहेड़ी जिला बरेली यूपी से एक एलईडी, काशीपुर के आईटीआई क्षेत्र से चुराई गई बाइक, नकबजनी के आधुनिक उपकरण बरामद हुए। उसने बताया कि फरार डेनिश निवासी जोसफनगर बिलासपुर रामपुर यूपी था। दिनेशपुर में उन्होंने अपने एक अन्य साथी विक्रम उर्फ विक्का निवासी पकड़िया न्यूरिया पीलीभीत के साथ चोरियों को अंजाम दिया था।
विक्रम खटीमा से बाइक चोरी के मामले में जेल गया था। वे दिन में नगर में घूमकर बंद घरों की जानकारी कर रात को चोरी करते थे। बदमाश की निशानदेही पर पुलिस ने घरों से चोरी दो सोने के सिक्के, दो सोने की चेन, दो झूमके, दो अंगूठी, तीन जोड़ी चांदी के पायल, दो एलईडी टीवी, एक जोड़ी झूमका, नथनी, चोरी की बाइक संख्या यूके1 सी 9027 बरामद की। गिरोह के तीनों सदस्यों के खिलाफ यूपी और उत्तराखंड में एक दर्जन के लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।