नया बस अड्डा सड़क पर गड्ढों की भरमार, लोगों का चलना हुआ मुश्किल
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय में नया बस अड्डा मार्ग गड्ढों से भरा हुआ है। साथ ही मार्ग को बस अड्डा से जोड़ने वाली पुलिया के छोर पर भी गड्ढे हो गए हैं। जनपद के आला अधिकारी भी कई बार इस मार्ग से कई बार गुजरते हैं लेकिन उन्हें यह बदहाली नजर नहीं आ रही है।
वर्ष 2004-06 में पुनाड़ गदेरा के दायीं तरफ बस अड्डे का निर्माण किया गया। यहां 30 से अधिक बड़े और 50 से अधिक छोटे वाहनों के रुकने की क्षमता है। इस बस अड्डे को मुख्य बाजार और डाट पुल से जोड़ने के लिए दोनों तरफ एप्रोच मार्ग बनाया गया है और पुनाड़ गदेरे पर पुलिया भी बनाई गई है। देखरेख के अभाव में एप्रोच मार्ग और बस अड्डा खस्ताहाल हो रखा है। यहां जगह-जगह गड्ढों की भरमार है और पैदल चलना भी मुश्किल है। नगर उद्योग एवं व्यापार मंडल के अध्यक्ष राय सिंह बिष्ट, दिनेश बिष्ट, हरेंद्र सिंह नेगी, राकेश मोहन, संजय पांडेय ने कहा कि बस अड्डे और एप्रोच मार्ग पर दिनभर आवाजाही रहती है। यहां राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं। मगर इसी सुध नहीं ली जा रही है। इधर लोनिवि के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने बताया कि नया बस अड्डा पार्किंग निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दुरुस्त किया जाएगा।