सुरक्षित उत्तराखंड, सुरक्षित बदरी-केदार का संदेश देश-विदेश में जनजन तक प्रचारित करने के लिए बीकेटीसी अब सोशल मीडिया पर अपने एकाउंट खोलेगी और ऐप भी बनाएगी। इस माध्यम से जहां आने वाले समय में बदरी-केदार धाम में अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
इससे लोगों को आसानी से दोनों धामों के बारे में जानकारी मिल सकेगी और इससे समिति की आमदनी भी बढ़ेगी। इसके लिए कार्यसमिति कार्ययोजना तैयार करने में जुट गई है। आपदा के बाद इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोत्तरी रही। इससे उत्साहित बीकेटीसी अब प्रचार के लिए और सक्रिय हो गई है।
समिति फेसबुक पर बदरी-केदार नाम से एकाउंट खोलने जा रही है। इस एकाउंट में दोनों धामों तक पहुंचने से लेकर उनकी महत्ता के बारे में जानकारी उपलब्ध की जाएगी। इसके अलावा बदरी-केदार यात्रा और पूजा नाम से ऐप भी तैयार किया जा रहा है। इस ऐप को लेकर गूगल के साथ समिति की दो दौर की सफल बातचीत भी हो चुकी है।
इस ऐप में श्री बदरीनाथ और केदारनाथ धाम का धार्मिक महत्व और यात्राकाल में संपादित की जाने वाली सभी पूजा के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा यात्रा से जुड़ी अन्य सूचनाओं के साथ ही मंदिर समिति के अधीन उत्तराखंड के मठ, मंदिर और तीर्थाटन की जानकारियां भी उपलब्ध होंगी।
यह ऐप अगली यात्रा से पूर्व शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा मंदिर समिति बदरी-केदार यात्रा नाम से अपना न्यूज पोर्टल भी शुरू करेगी।
सोशल मीडिया के माध्यम से बदरी-केदार की यात्रा को प्रचारित-प्रसारित करने के साथ धामों के महत्व को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इस विषय पर कार्य भी शुरू कर दिया गया है। - बीडी सिंह, मुख्य कार्याधिकारी, बीकेटीसी।