ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर रतूड़ा के समीप हुई दुर्घटना में लापता वाहन मालिक/दयाल सिंह बिष्ट का दूसरे दिन भी सुराग नहीं लग पाया है। एसडीआरएफ, डीडीआरएफ व जल पुलिस की टीम घटनास्थल समेत आसपास के दो किमी क्षेत्र में अलकनंदा नदी में खोजबीन में जुटी है।
मंगलवार सुबह 7 बजे से संयुक्त खोजबीन अभियान शुरू किया गया। इस दौरान प्रभावित क्षेत्र से अलकनंदा नदी के दोनों तरफ दो किमी क्षेत्र मे राफ्ट व कांटा डालकर भी संभावित क्षेत्रों में लापता व्यक्ति की खोजबीन की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि दुर्घटना के बाद से लापता व्यक्ति की खोजबीन के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन सफलता नहीं मिल पाई है। ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर के साथ दुर्घटनास्थल का भी निरीक्षण कर हादसे के प्रारंभिक कारणों को जानने का प्रयास किया गया है। गौरतलब है कि बीते सोमवार को देवाल से देहरादून जा रही एक बोलेरो रतूड़ा के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर अलकनंदा नदी किनारे गिर गई थी। वाहन में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे, जिसमें मां-बेटी की मौत हो गई थी। दो बच्चों सहित तीन लोग घायल हो गए थे।