पंतनगर एयरपोर्ट परिसर में मौजूद हाईटेक अग्निशमन वाहन।
- फोटो : RUDRAPUR
पंतनगर। पंतनगर और नैनीसैनी एयरपोर्ट पिथौरागढ़ के अग्निशमन बेड़े में दो हाईटेक अग्निशामक वाहनों को शामिल किया गया है। यह दोनों ही वाहन ऑस्ट्रिया से 16 करोड़ रुपये में आयातित किए गए हैैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर एसके सिंह ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट एवं पिथौरागढ़ स्थित नैनी सैनी एयरपोर्ट में अग्निशमन के दो नए हाईटेक वाहन शामिल हुए हैं।
दोनों ही वाहन विदेशी टेक्नालॉजी से लैस हैं। अग्निशमन वाहन पूरी तरह से कंप्यूटराइज्ड हैं। अग्निशामक वाहन की खास बात है कि पूरी तरह कंप्यूटराइज वाहन में तीन टैंक है। इसमें पानी की क्षमता सात हजार लीटर, ड्राई पाउडर नाइट्रोजन टैंक की क्षमता ढाई सौ किलो और फोम के लिए आठ सौ लीटर का टैंक है। यह एक मिनट में सात हजार लीटर पानी बाहर फेंक सकता है। वाहन में चार पंप लगे होने के चलते यह एक मिनट में छह हजार लीटर पानी टैंक में भर भी सकता है। टैंकर में दो मॉनीटर लगाए गए है। इससे आसानी से आग पर काबू पाया जा सकता है। हाईटेक मशीन होने के चलते वाहन अपने स्थान से 230 फिट की दूरी पर लगी आग आसानी से बुझा सकता है। अत्याधुनिक उपकरणों से लैस दोनों ही वाहनों की खूबी अन्य अग्निशनम वाहनों से भिन्न है। जल्द ही दोनों अग्निशमन वाहनों को प्रयोग में लाया जाएगा।