चिरबटिया में आगामी 12 मार्च से शुरू होने वाला तीन दिवसीय नेचर फेस्टिवल इस बार बेहद खास होने वाला है। इंडिया हाईक्स कंपनी के गाइड चिरबटिया से पवांलीकांठा तक 25 सदस्यीय दल को ट्रेकिंग कराएंगे। वहीं हाफ मैराथन में भी लोगों का जोश दिखाई देगा। अभी तक अलग-अलग आयुवर्ग में 900 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के 30 से अधिक पक्षी विशेषज्ञ भी इस महोत्सव में शामिल हो रहे हैं। रुद्रप्रयाग वन प्रभाग द्वारा आयोजन की तैयारियां जोरों पर की जा रही हैं।
पर्यटन, एडवेंचर के साथ नेचर फेस्टिवल में लोक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। खास बात यह है कि 12 मार्च को फेस्टिवल के शुभारंभ पर चिरबटिया से पवांलीकांठा के लिए 25 सदस्यीय ट्रेकिंग दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस ट्रेकिंग का मुख्य उद्देश्य आमजन को प्रकृति, पर्यावरण व वन्य जीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। दल उसी दिन शाम को लौटेगा। जबकि 13 मार्च को चिरबटिया में देश के विभिन्न राज्यों के 30 पक्षी विशेषज्ञ शिरकत करेंगे, जो स्थानीय समेत उत्तराखंड व देश में पाई जाने वाली पक्षी प्रजातियों के बारे में जानकारी देंगे। इस दौरान फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के डीएफओ वैभव कुमार सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय नेचर फेस्टिवल में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार को बढ़ावा देना है। बताया कि विभागीय स्तर पर आयोजन की तैयारियां जोरों पर की जा रही हैं। तीन दिवसीय नेचर फेस्टिवल चिरबटिया में आयोजित हॉफ मैराथन के लिए अभी तक अलग-अलग आयुवर्ग में 900 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। आयोजक व रिलायंस फाउंडेशन के टीम प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि 3 किमी से 21 किमी दौड़ अलग-अलग वर्ग के लिए निर्धारित की गई है।