फोटो
गुप्तकाशी। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित गुप्तकाशी अपनी विशेष पहचान रखती है। इस क्षेत्र का धार्मिक महत्व काशी के समान माना जाता है। यहां स्थित प्राचीन विश्वनाथ मंदिर, अर्धनारीश्वर मंदिर, भैरवनाथ मंदिर, गंगा-यमुना की जलधाराएं और मणिकर्णिका कुंड श्रद्धालुओं के आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। केदारनाथ धाम जाने वाले कई तीर्थयात्री विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए भी पहुंचते हैं। इस वर्ष विश्वनाथ मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या पहली बार एक लाख के पार पहुंची है। मंदिर प्रबंधक पारेश्वर त्रिवेदी के अनुसार पिछले वर्षों की तुलना में इस बार रिकॉर्ड श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। आचार्य कृष्णानंद नौटियाल बताते हैं कि गुप्तकाशी का महात्म्य केदारनाथ के समान माना जाता है। यहां स्थित शिव मंदिर, गंगा-यमुना की प्राकृतिक जलधाराएं और मणिकर्णिका कुंड इस स्थान को विशेष धार्मिक पहचान देते हैं। संवाद