केदारनाथ धाम में अब मोबाइल संचार सेवा और बेहतर होगी। धाम में श्रद्धालुओं के साथ ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से संपर्क आसानी से हो सकेगा।
सब कुछ ठीक रहा तो इस वर्ष जल्द ही केदारनाथ में श्रद्धालुओं को एयरटेल, वोडाफोन और रिलायंस कंपनी की मोबाइल संचार सेवा का भी लाभ मिलने लगेगा।
भारती एयरटेल व अन्य संचार कंपनियों के तकनीकी दल ने डीएम से भेंट कर उन्हें अपनी योजना के बारे में जानकारी दी। कंपनियों के अधिकारियों की मानें तो प्रारंभिक स्तर पर एक ही पोल टावर की मदद से तीनों कंपनियों की मोबाइल संचार सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
बाद में स्थान चयन कर स्थायी टावर स्थापित किया जाएगा। इसमें तीनों कंपनियों के वी-सेट स्थापित किए जाएंगे। इधर, प्रशासन ने केदारनाथ में संचार सेवा के विस्तार के लिए कमेटी गठन की बात कही है, जिसमें संचार कंपनी, हेली कंपनी, प्रशासन का एक-एक सदस्य मौजूद रहेगा। ये कमेटी सर्वेक्षण कर स्थान का चयन करेगी, जिसके बाद टावर लगाने की कार्रवाई होगी। कंपनियों को स्पष्ट किया गया है कि टावर ऐसे स्थान पर लगाए जाए, जिससे धाम पहुंचने वाले हेलीकाप्टर एवं एमआई-17 हेलीकाप्टर की उड़ान प्रभावित न हो।
केदारनाथ में अपनी मोबाइल सेवा देने के लिए कई निजी कंपनियों की ओर से संपर्क किया गया है। संबंधित को धाम का निरीक्षण करने को कहा गया है। इस कार्य के लिए एक कमेटी का भी गठन किया जाएगा।
- डा. राघव लंगर, डीएम रुद्रप्रयाग