रुद्रपुर। रुद्रपुर ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख और अन्य सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। वहीं, शपथ से पहले किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने बीडीओ पर बयान के जरिये उनका अपमान करने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। विधायक ने सख्त लहजे में विधायक की अवमानना करने पर बीडीओ को निलंबन की चेतावनी तक दे दी। मामला थमा तो बीडीसी सदस्यों को विभागीय कर्मचारियों की ओर से शपथ पत्र न बांटने से एक बार फिर हंगामा हो गया। लगातार हंगामों के चलते करीब 20 मिनट बाद शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू हो सका।
शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे ब्लॉक सभागार में एसडीएम मुक्ता मिश्रा ने ब्लॉक प्रमुख ममता जल्होत्रा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख ने ज्येष्ठ प्रमुख नीरज सिंह, कनिष्ठ प्रमुख मंदीप कौर समेत सभी बीडीसी सदस्यों को शपथ ग्रहण करवाई। हंगामों के चलते शपथ करीब आधे घंटे बाद शुरू हो सकी।
विधायक ने बीती 27 नवंबर को ग्राम प्रधानों और वार्ड सदस्यों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उन्हें आमंत्रित न करने पर नाराजगी जताते हुए बीडीओ रामलाल राज को खरीखोटी सुना दी। इस पर बीडीओ ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम में किसी को आमंत्रित करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने व्यक्तिगत से रूप से किसी को भी कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया था। इस पर विधायक शुक्ला ने बीडीओ के इस बयान को विधायक की अवमानना बताते हुए कहा कि यदि नियम 65 के तहत मामला सदन में उठा तो वह (बीडीओ) निलंबित हो सकते हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक को शांत कराया।
इधर, एक हंगामा खत्म होने के बाद दूसरा हंगामा शुरू हो गया। बीडीओ ने बीडीसी सदस्यों को शपथ पत्र बांटने की जिम्मेदारी कार्यक्रम का संचालन कर रहे दक्षिणी किसान सोसाइटी किच्छा के उपाध्यक्ष हरीश खानवानी को दी तो नारायणपुर कोठा के बीडीसी सदस्य अनुज पाठक ने इसका विरोध कर दिया। उन्होंने बीडीओ के हाथ से माइक लेकर बीडीसी सदस्यों को शपथ पत्र बांटने की जिम्मेदारी विभागीय कर्मचारियों को देने को कहा।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद बीडीओ ने कहा कि शनिवार को ब्लॉक सभागार में बीडीसी की प्रथम बैठक होगी। इसके बाद बीडीओ ने शपथपत्र बांटने की जिम्मेदारी लेखाकार एनएस सुयाल व वीडीओ उमेश जोशी को दी। वहां डीपीआरओ रमेश त्रिपाठी, ठाकुर जगदीश सिंह, जसविंदर सिंह, बलदेव छाबड़ा, विपिन जल्होत्रा, सुरेश कोली आदि थे।
बीडीओ ने मुझे ग्राम प्रधानों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में आमंत्रित न करने की बात कहकर अवमानना की है जबकि इस लापरवाही में वह विधायक की अवमानना में नियम 65 के तहत निलंबित हो सकते हैं। - राजेश शुक्ला, किच्छा विधायक।
मुझे कार्यक्रम में किसी को आमंत्रित करने का अधिकार नहीं है। मैंने सिर्फ इतना ही कहा कि मैंने व्यक्तिगत से रूप से किसी को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया था। सभी कार्यक्रम में पहुंचने के लिए स्वतंत्र हैं। - रामलाल राज, बीडीओ, रुद्रपुर।
मेरे किस्मत में न था ब्लॉक प्रमुख बनना, तो पत्नी को प्रेरित किया
रुद्रपुर। ब्लॉक परिसर में शपथ ग्रहण समारोह के समापन पर वहां मौजूद ब्लॉक प्रमुख के पति विपिन जल्होत्रा ने कहा कि शायद उनकी किस्मत में ब्लॉक प्रमुख बनना नहीं था, इसलिए उन्होंने अपनी पत्नी को इसके लिए प्रेरित किया। आज ईश्वर की कृपा से वह ब्लॉक प्रमुख बनीं हैं। विपिन ने कहा कि पिछली बार वह ब्लॉक प्रमुख बनने के दावेदार थे लेकिन प्रतिद्वंद्वी से एक वोट से हार गए थे। उन्होंने सभी बीडीसी सदस्यों से ब्लॉक प्रमुख को विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
रुद्रपुर ब्लॉक क्षेत्र का होगा तेजी से विकास : ममता
रुद्रपुर। शपथ ग्रहण समारोह के बाद पत्रकारों से वार्ता में ब्लॉक प्रमुख ममता जल्होत्रा ने कहा कि वह जनता की भावनाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास पूरा प्रयास करेंगी। रुद्रपुर ब्लॉक क्षेत्र में विकास कार्यों में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में तेजी आएगी।
विधायक राजेश शुक्ला, किच्छा- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर ब्लॉक में शपथ लेते बीडीसी सदस्य।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर ब्लॉक में शपथ लेती ब्लॉक प्रमुख ममता जल्होत्रा।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर ब्लॉक कार्यालय में बीडीओ रामलाल राज के हाथ से माइक लेकर बोलता बीडीसी सदस्य अनुज पाठक।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर ब्लॉक कार्यालय में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नाराजगी जताते किच्छा विधायक राजेश शुक्ला?- फोटो : RUDRAPUR