ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन निर्माण की कार्यदायी संस्थाओं की मनमानी के खिलाफ रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी एक नवंबर को नगरासू में धरना देेंगे।
जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में विधायक चौधरी का कहना है कि रेल लाइन के निर्माण में कार्यदायी संस्थाएं मनमानी कर रही हैं। मजदूरों से लेकर वाहन व मशीनें बाहर से मंगाए जा रहे हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर के लोगों, विशेषकर प्रभावितों को परियोजना में काम नहीं मिल रहा है। कहा कि पूर्व में रेलवे विकास निगम के अधिकारियों व प्रशासन की मौजूदगी में हुई बैठकों में यह सहमति बनी थी कि कार्यदायी संस्थाएं 70 फीसदी स्थानीय लोगों को रोजगार देंगी, लेकिन देखने में आ रहा है कि कंपनियां मजदूरों से लेकर डंपर, ट्रैक्टर व अन्य सभी सामग्री बाहर से मंगा रही है। उन्होंने रेल लाइन निर्माण में लगी कार्यदायी संस्थाओं की मनमानी के विरुद्ध एक नवंबर को नगरासू में एक दिवसीय धरना देने का निर्णय लिया है।