छह दिन पहले ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर रतूड़ा के पास वाहन हादसे में लापता वाहन मालिक/चालक दयाल सिंह बिष्ट का शव कीर्तिनगर के पास अलकनंदा नदी किनारे से बरामद किया गया है। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रेस्क्यू दल की ओर से घटना के बाद से लापता की खोज की जा रही थी। बीते शुक्रवार को दोपहर बाद कीर्तिनगर के पास से लापता चल रहे दयाल सिंह बिष्ट (48) पुत्र उमराव सिंह बिष्ट, निवासी सूया, तहसील थराली चमोली का शव बरामद किया गया। रुद्रप्रयाग कोतवाल जयपाल सिंह नेगी की सूचना पर मौके पर पहुंची टीम ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा। वहां सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
गौरतलब है कि 5 जुलाई को चमोली के देवाल ब्लॉक के सूया गांव के एक ही परिवार के छह लोग देहरादून जा रहे थे। बदरीनाथ हाईवे पर रतूड़ा के पास वाहन अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरा था। हादसे में 11 वर्षीय बालिका समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। तीन लोग घायल हो गए थे। वाहन मालिक/चालक दयाल सिंह बिष्ट लापता चल रहे थे। घटना के बाद से एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और जल पुलिस की टीम खोजबीन में जुटी थी।