रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ग्राम पंचायत सन में ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि ग्रामोत्थान परियोजना के तहत मिलेट बेकरी का संचालन शुरू हो गया है। बेकरी में मंडुवे के बिस्कुट, बर्फी, चौलाई के लड्डू, ब्रेड, बन आदि उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस बेकरी का संचालन 20 स्थानीय महिलाओं की ओर से कुशलतापूर्वक किया जा रहा है।
परियोजना के तहत उन्नति स्वायत्त सहकारिता नारी की महिलाओं ने बेकरी संचालन के लिए सात दिन का प्रशिक्षण लिया था। परियोजना के जिला प्रबंधक बीएन भट्ट ने बताया कि बेकरी से अभी प्रतिदिन सीमित उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। दीपावली पर्व के लिए मंडुवे के बिस्कुट और बर्फी को बाजार में सप्लाई किया जाएगा। दूसरी तरफ सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि यह मिलेट बेकरी यूनिट महिलाओं की आजीविका को नया आयाम देने के साथ ही स्थानीय उत्पादों को पहचान देने में अहम भूमिका निभाएगी। संवाद