तीन दिनों से गुप्तकाशी-मयाली मार्ग खांकरा बैंड में बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ा है। ऐसे में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बीते सप्ताह ऑल देवर रोड परियोजना का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था की पोकलैंड मशीन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद से सड़क क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिससे वाहनों का संचालन विश्वनाथ मंदिर मार्ग से नाला होकर गुप्तकाशी बाजार तक हो रहा है। यहां तक पहुंचने के लिए तीन किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। यहां आए दिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है। लोगों का कहना है कि कार्यदायी संस्था की ओर से सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत सुस्त गति से हो रही है।
एनएच रुद्रप्रयाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार त्रिपाठी का कहना है कि पोकलैंड मशीन को निकालने के लिए सड़क का पुश्ता तोड़ना पड़ा था। दस दिन में पुश्ता निर्माण पूरा कर दिया जाएगा।