गदरपुर। आदर्श कॉलोनी में आधी रात हथियारबंद तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर दंपति को बंधक बनाकर लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने दंपति को चाकू मारकर जख्मी कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपति को निजी अस्पताल में पहुंचाया। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह और एएसपी डॉ. जगदीश चंद ने भी मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया।
रुद्रपुर थाने के सामने गली में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाने वाले मदनलाल छाबड़ा का वार्ड नंबर पांच की आदर्श कॉलोनी में आवास है। मदन का पुत्र निखिल आस्ट्रेलिया और बेटी रुपिका नोएडा में रहती है। रविवार देर रात करीब एक बजे मदनलाल के घर तीन नकाबपोश बदमाश घुस गए। खटका होने पर मदनलाल की नींद खुली तो बदमाशों ने चाकू दिखाकर चुप रहने की हिदायत दी। बदमाशोें ने घर में रखी 20 लाख रुपये की नकदी के बारे में जानकारी मांगी, मदन के इनकार करने पर एक बदमाश ने उनकी जांघ और कमर पर कई जगह चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए।
मदनलाल की चीख सुनकर पत्नी कमलेश बीच बचाव करने पहुंची तो बदमाशों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। इससे उनकी कलाई में जख्म हो गए। बदमाशों ने कमलेश के कानों से बालियां और उंगली से अंगूठी भी उतरवा ली। दंपति के शोर मचाने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों के मोबाइल फोन भी छीन लिए। जाते वक्त बदमाशों ने चाबी लेकर गेट खोला और बरामदे में खड़ी स्कूटी भी लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के कुछ देर बाद कमलेश ने घर से बाहर आकर शोर मचाया तो आसपास में रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे।
पूर्व पालिकाध्यक्ष अंजू भुड्डी के पति राकेश भुड्डी की सूचना पर थानाध्यक्ष जसविंदर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर गंभीर रूप से घायल मदनलाल और कमलेश को रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। एएसपी काशीपुर ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह सीओ बाजपुर दीपशिखा अग्रवाल एवं एसओजी प्रभारी कमाल हसन ने भी मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की।
एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि लूटपाट की घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों के साथ ही एसओजी को भी खुलासे के लिए लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। कुछ लीड मिली हैं, जिन पर काम किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
बदमाश को एक-एक कोने का था पता
गदरपुर। बदमाशों ने जिस प्रकार से व्यापारी मदनलाल छाबड़ा के घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है, उससे साफ है कि बदमाश परिवार की सारी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। बदमाशों ने रेकी भी की थी। घर के अंदर घुसने पर बदमाशों ने पहले तो अलमारी को खंगाला। वहां कुछ नहीं मिलने पर मदनलाल से सीधे 20 लाख रुपये के बारे में पूछताछ की थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि बदमाशों को मदनलाल के घर पर बड़ा कैश होने की जानकारी थी।
गेट बंद था तो कैसे घर में घुसे बदमाश
गदरपुर। मदनलाल के घर में घुसे बदमाशों को लेकर एक बात और चकित करने वाली है। घर के बाहर ऐसे कोई भी निशान नहीं मिले, जिसके सहारे चढ़कर बदमाश घर के भीतर दाखिल हुए हों। मदनलाल अपनी पत्नी कमलेश के साथ दो मंजिले पर रहते हैं। भूतल पर बने कमरों में मरम्मत का कार्य चल रहा है। बदमाशों ने लूटपाट की घटना अंजाम देने के बाद गेट की चाबी लेकर ताला खोला और भाग निकले। चर्चा है कि बदमाश गेट के बंद होने से पूर्व ही घर में छुपकर बैठ गए होंगे। घर के अंदर जाने के लिए एक ही गेट है, जो दिन में खुला रहता है और रात में गेट अंदर से ताला लगाकर बंद रखा जाता है।
चाकू से वार करने के बाद बोले, पट्टी लगाकर खून रोक लो
गदरपुर। लूटपाट करने वाले बदमाशों ने चाकू से जख्मी करने के बाद कमलेश से पट्टी बांधकर खून रोकने को भी कहा। इससे लग रहा है बदमाश पेशेवर नहीं थे। घर से जाते वक्त बदमाशों ने मोबाइल फोन भी घर के बाहर छोड़कर जाने की बात कही थी। ये मोबाइल फोन सुबह घटनास्थल के पास एक खाली प्लाट में मिले।
सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं कॉलोनियों में रहने वाले
गदरपुर। पॉश कालोनियों में रहने वाले ज्यादातर परिवार अपनी सुरक्षा के प्रति बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से कॉलोनियों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की अपील बेअसर साबित हो रही है। ज्यादातर कालोनियों में इक्का-दुक्का घरों में ही सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी लगाए गए हैं। कई कॉलोनियों की गलियों में एक भी कैमरा न होने की स्थिति में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग वारदातों को अंजाम देकर बहुत ही आराम से भाग निकलने में कामयाब हो जाते हैं।