फिट इंडिया मूवमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में एनएसएस व एनवाईके के स्वयंसेवक लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहे हैं। साथ ही इंडोर व आउटडोर खेलों के जरिए लोगों को स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए 15 अगस्त से 2 अक्तूबर तक देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत इन दिनों राष्ट्रीय सेवा योजना और नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक गांवों में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए योग अभ्यास, सोलो रेस, व्यायाम, दौड़, घरेलू काम के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही कोरोना से बचाव के लिए लोगों को जागरूक कर रहे हैं। एनएसएस के जिला प्रभारी जगदीश टम्टा ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को शारीरिक, मानसिक व सामाजिक स्तर पर स्वस्थ रखना है।