जखोली में छह प्रत्याशियों ने नामांकनपत्र दाखिल किए
संवाद न्यूज एजेंसी
गुप्तकाशी/जखोली। गंगाधर मैठाणी राजकीय महाविद्यालय गुप्तकाशी में छात्रसंघ निर्वाचन के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए एक प्रत्याशी ने जबकि उपाध्यक्ष, महासचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए दो-दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। ऐसे में अध्यक्ष पद पर महक का निर्विरोध निर्वाचन तय है।
छात्रसंघ निर्वाचन अधिकारी डॉ. गंगा राम वैश्विक ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए बीए तृतीय सेमेस्टर की महक ने नामांकनपत्र दाखिल किया है। अध्यक्ष पद पर केवल एक प्रत्याशी के नामांकन के कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। वहीं उपाध्यक्ष, महासचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दो-दो प्रत्याशियों के नामांकन के कारण इन पदों पर चुनाव होगा। वहीं राजकीय महाविद्यालय जखोली में विभिन्न पदों के लिए छह प्रत्याशियों ने नामांकनपत्र दाखिल किए। अध्यक्ष पद पर सागर कुमार, उपाध्यक्ष पद पर आंचल, सचिव पद पर मानसी, सहसचिव पद पर समीक्षा, कोषाध्यक्ष पद पर शिवानी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर कल्पना ने नामांकन कराया। सभी पदों पर एक-एक नामांकन होने से प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
ढोल-दमाऊं और आतिशबाजी के साथ प्रत्याशी पहुंचे नामांकन करने
अगस्त्यमुनि। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में चुनावी गतिविधियां तेज हो गईं। प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ रैलियां निकालकर महाविद्यालय पहुंचकर नामांकन कराया। ढोल-दमाऊं, पटाखों और नारेबाजी के बीच समर्थकों के साथ प्रत्याशी नामांकन कराने पहुंचे। नामांकन प्रक्रिया पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चली। इस दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए तीन-तीन तथा सहसचिव पद के लिए दो नामांकन दाखिल हुए। अध्यक्ष पद पर उज्ज्वल मैठाणी, लक्की राणा और मानसी ने नामांकन किया। सचिव पद पर मनीषा, सोमदेव और लोकेश बिष्ट ने पर्चा दाखिल किया। जय हो संगठन के समर्थक अगस्त्यमुनि बाजार से रैली निकालकर महाविद्यालय पहुंचे, जबकि एनएसयूआई ने पुराना देवल से कॉलेज तक रैली निकाली। पुलिस की मौजूदगी में नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई। चुनाव प्रभारी डॉ. सुखपाल रौतेला ने बताया कि अब नामांकनपत्रों की जांच, नाम वापसी और अन्य निर्वाचन संबंधी कार्रवाई तय कार्यक्रम के अनुसार होगी। संवाद