महिलाओं को प्रसव के लिए नहीं जाना पड़ रहा निजी अस्पताल
अल्ट्रासाउंड सुविधा भी शुरू, रोज हो रही सौ से अधिक ओपीडी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुप्तकाशी। स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन की ओर से संचालित माधव चिकित्सालय केदारघाटी का पहला ऐसा अस्पताल बन गया है जहां अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, वेंटिलेटर और एनआईसीयू जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। पूर्व में डिलीवरी के लिए महिलाओं को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग या निजी अस्पताल जाना पड़ता था। मगर अब अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती और अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने के बाद छह प्रसव कराए जा चुके हैं।
अस्पताल में 28 सदस्यीय स्टाफ है और प्रतिदिन सौ से अधिक मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विपिन भारद्वाज ने बताया कि क्षेत्र के सैकड़ों मरीजों का यहां उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में सिजेरियन (ऑपरेशन) की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी है। अस्पताल में वेंटिलेटर है लेकिन गंभीर मरीजों को रेफर करने के लिए एसीएलएस एंबुलेंस की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से एंबुलेंस की मांग की। उन्होंने बताया कि केदारनाथ धाम आने वाले तीर्थ यात्रियों को भी इस अस्पताल से सुविधा मिल रही है। अस्पताल में फिजीशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक और फिजियोथेरेपिस्ट अपनी सेवाएं दे रहे हैं।