भगवान केदारनाथ के क्षेत्रपाल भगवान भैरवनाथ के कपाट विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। इस मौके पर विश्व कल्याण के लिए यज्ञ-हवन भी किया गया। भगवान भैरवनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना रुद्रपुर गांव में होगी।
शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे पंच पंडा समिति रुद्रपुर के पदाधिकारियों की मौजूदगी में केदारनाथ के मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने भैरवनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ आराध्य का श्रृंगार किया। भगवान भैरवनाथ के पश्वा आचार्य ओंकार शुक्ला पर अवतरित हुए और भक्तों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र बाबा भैरवनाथ के जयकारों से गूंज उठा। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने विश्व कल्याण के लिए यज्ञ-हवन किया। इसके बाद विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए भगवान भैरवनाथ मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। मान्यताओं के अनुसार भगवान केदारनाथ के कपाट बंद होने की तिथि से पड़ने वाले पहले शनिवार या मंगलवार को भैरवनाथ के कपाट बंद किए जाते हैं।