अगस्त्यमुनि ब्लाक के बच्छणस्यूं पट्टी के खेड़ाखाल में लोनिवि का बंगला देखरेख के अभाव में जर्जर हो रहा है। स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से बंगले के संरक्षण व देखरेख के लिए कर्मचारी तैनात करने की मांग की है। इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन भी भेजा।
खेड़ाखाल में वर्ष 1988 में लोनिवि की ओर से विश्राम गृह का निर्माण किया गया था, लेकिन बीते कुछ समय से विश्राम गृह भगवान भरोसे चल रहा है। ग्राम पंचायत बंगोली के पूर्व प्रधान गजेंद्र सिंह रौथाण ने डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा है कि विश्राम गृह की दीवारों पर जगह-जगह दरारें पड़ी हैं। साथ ही शौचालय व कमरों की हालत दयनीय बनी है। इधर लोनिवि के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने बताया कि विश्राम गृह का निरीक्षण कर मरम्मत का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। साथ ही देखरेख के लिए स्थायी कर्मचारी की तैनाती की जाएगी।