विधानसभा चुनाव के लिए जिले में 13 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 10 केंद्र केदारनाथ व 3 तीन रुद्रप्रयाग विधानसभा में बढ़े हैं। जिले में अब 311 मतदान केंद्र हो गए हैं।
जिले में केदारनाथ व रुद्रप्रयाग विधानसभा के तीस से अधिक दूरस्थ गांवों के 12 हजार से अधिक मतदाताओं को विधानसभा चुनाव में वोट देने के लिए 2 से 6 किमी की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इन नए केंद्रों में रुद्रप्रयाग विधानसभा में अगस्त्यमुनि ब्लाक में छतौड़ा, पीड़ा व कलना गांव को मतदान केंद्र के लिए चुना गया है।
उधर, केदारनाथ विधानसभा में अगस्त्यमुनि व ऊखीमठ ब्लाक के कुणजेठी, त्यूंणी, उथींड, गारगरधरा-सेमला, गिंवाला, डमार, नैंणी-पौंडार, हाट, डुंगर और तिनसोली गांव को नए मतदान केंद्र के रूप में चयनित किया गया है। इन गांवों के प्राथमिक व जूनियर स्कूलों में मतदान केंद्र बनेंगे।
जिले में 176670 मतदाता
रुद्रप्रयाग में 1766670 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। रुद्रप्रयाग विधानसभा में 94745 वोटर हैं, जिसमें 47325 पुरुष व 47420 महिला मतदाता हैं। केदारनाथ विधानसभा में कुल 81925 वोटर हैं, जिसमें 40320 पुरुष और 41605 महिला मतदाता हैं।