केदारनाथ पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं से तय किराए से अधिक वसूलने पर डीएम ने 12 घोड़ा-खच्चर संचालकों का लाइसेंस रद्द कर दिया है। बेहतर व्यवस्था के लिए डीएम ने पैदल मार्ग पर 50 पीआरडी जवान और तैनात कर दिए हैं।
गौरीकुुंड से केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहले दिन से घोड़ा-खच्चर संचालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। डीएम घिल्डियाल ने पैदल मार्ग पर पीआरडी जवानों के साथ-साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट व अन्य कर्मियों को भी बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत बुधवार को 12 घोड़ा-खच्चर संचालकों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं। बताया कि घोड़ा-खच्चर संचालकों श्रद्धालुओं से तय दर से डेढ़ से दोगुना किराया वसूल रहे थे।
बता दें कि इससे पूर्व बीते सप्ताह भी 16 घोड़ा-खच्चर संचालकों के लाइसेंस रद्द किए जा चुके हैं। डीएम ने बताया कि यात्रा में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।