सुमाड़ी बाजार का मामला, 6 घंटे तक रहे बंद
वन विभाग की टीम ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर निकाला
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग/जखोली। सुमाड़ी बाजार में रात के समय एक गुलदार कुत्ते का पीछा करते हुए दिनेश चंद्र थपलियाल के मकान की दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में जा घुसा। बाथरूम का दरवाजा अचानक बंद होने से गुलदार अंदर ही कैद हो गया। सुबह परिवार के सदस्य को बाथरूम से गुर्राने की आवाज सुनाई दी तो घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं कुत्ता और गुलदार करीब छह घंटे तक बाथरूम में बंद रहे लेकिन गुलदार ने उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक लावारिस कुत्ता दिनेश चंद्र थपलियाल के मकान की दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में घुस गया था। उसका पीछा करते हुए गुलदार भी अंदर पहुंच गया। इसी दौरान अचानक दरवाजा बंद हो गया और कुत्ता व गुलदार बाथरूम में बंद हो गए। सुबह करीब साढ़े चार बजे परिवार का एक सदस्य बाथरूम गया तो अंदर से गुर्राने की आवाज सुनाई दी। उसने बाहर से बाथरूम का दरवाजा बंद कर दिया और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सुबह पांच बजे वन विभाग को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सहायक उप वन संरक्षक डॉ. दिवाकर पंत ने बताया कि घटनास्थल पर पिंजरा लगाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। ऐसे में गुलदार को सुरक्षित निकालने के लिए वैकल्पिक तरीका अपनाया गया। रेस्क्यू टीम ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया और सुबह 10 बजे उसे बाहर निकाल लिया। अभियान में सहायक उप वन संरक्षक डॉ. दिवाकर पंत, वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह नेगी उत्तरी जखोली, वन क्षेत्राधिकारी हरीश थपलियाल तथा वन आरक्षी आशीष सिंह, यशवंत सिंह कठैत और रणवीर सिंह शामिल रहे।
वन विभाग ने दी सलाह
वन विभाग ने लोगों से बाजारों और कस्बों में मांस की दुकानों से निकलने वाले अतिरिक्त मांस को आबादी से दूर जमीन में दबाने की अपील की। कहा कि घरों के आसपास झाड़ियों की नियमित सफाई रखें तथा घास और चारा लेने जंगल जाते समय समूह में जाएं। सहायक उप वन संरक्षक डॉ. दिवाकर पंत ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए वन्यजीवों की संख्या का वैज्ञानिक आकलन और क्षेत्र की वहन क्षमता के अनुसार प्रबंधन जरूरी है।