विकासखंड के बड़मा पट्टी के डंगवाल गांव के समीप बाइक सवार युवक पर गुलदार ने हमला कर दिया। घायल युवक ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी जान बचाई और तत्परता से घर पहुंचा। इसके बाद परिजनों द्वारा उसे सीएचसी अगस्त्यमुनि लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
ग्राम पंचायत डंगवालगांव के राजस्व ग्राम घणत के 38 वर्षीय सुरेशचंद्र पुत्र रामलाल, जो ऊखीमठ ब्लॉक के मनसूना विद्यालय में कार्यरत हैं। मंगलवार को वह विद्यालय से डाक लेकर सीईओ कार्यालय रुद्रप्रयाग आया हुआ था। शाम को वह अपनी मोटर साइकिल से घर के लिए रवाना हुआ। रात्रि करीब साढ़े आठ बजे वह जैसे ही अपने घर से कुछ दूर पहले घट गदेरे के समीप पहुंचा, तभी झाड़ियों में छुपे गुलदार ने छलांग मारकर उस पर हमला कर दिया, जिससे वह बाइक सहित जमीन पर गिर गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और जैसे-तैसे गुलदार पर अपने पैरों से ही हमला करना शुरू कर दिया। उसने तत्परता से अपनी मोटर साइकिल उठाई और घर की तरफ दौड़ गया। घर पहुंचने पर पीड़ित ने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद उसे सीएचसी अगस्त्यमुनि लाया गया। जहां डॉक्टर ने बताया कि युवक के शरीर पर गुलदार के पंजों व दांतों से कई घाव किए थे। युवक के शरीर पर तीस से अधिक टांके लगाए गए हैं। साथ ही हाथ भी फ्रेक्चर हुआ है, जिस कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। वन विभाग की टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर युवक का हालचाल पूछा और उचित मदद का आश्वासन दिया। उधर, घटना के बाद से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।